कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 17 फरवरी। अंतरराज्यीय नवीन बस स्टैंड चिखलपुटी कोण्डागांव में नवनिर्मित टिकट काउंटर का मंगलवार दोपहर 12 बजे विधिवत लोकार्पण किया गया।
34.20 लाख रुपये की लागत से बने इस टिकट काउंटर का शुभारंभ क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल शामिल हुए। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में कुलवंत चहल मंडल अध्यक्ष, भाजपा, चिखलपुटी पूर्व सरपंच विजय सोढ़ी, एसडीएम अजय उरांव, तहसीलदार मनोज रावटे, नगर पालिका सीएमओ दिनेश डे उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि टिकट काउंटर के निर्माण से यात्रियों को टिकट लेने में सुविधा मिलेगी, अव्यवस्था कम होगी और बस स्टैंड परिसर अधिक सुव्यवस्थित बनेगा। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहितकारी कदम बताया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्षदगण, गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे। लोकार्पण कार्यक्रम नगर पालिका प्रशासन की देखरेख में शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


