कोण्डागांव

अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी, नेशनल लोक अदालत व हिट एंड रन मामलों पर बैठक
17-Feb-2026 10:26 PM
अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी, नेशनल लोक अदालत व हिट एंड रन मामलों पर बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव,17 फरवरी। सोमवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव किरण चतुर्वेदी की अध्यक्षता में अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी, मॉनिटरिंग सेल, हिट एंड रन तथा नेशनल लोक अदालत के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक न्यायाधीश के विश्राम कक्ष में संपन्न हुई।

बैठक में कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रेशमा बैरागी पटेल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव गायत्री साय, लोक अभियोजन अधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

अंडर ट्रायल मामलों की समीक्षा

अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी की बैठक में ऐसे बंदियों के प्रकरणों की समीक्षा की गई जो लंबे समय से न्यायिक हिरासत में हैं और जिनके मामलों में जमानत की संभावना है। साथ ही सजायाफ्ता बंदियों की स्थिति पर भी चर्चा की गई।

 नेशनल लोक अदालत की तैयारी

14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण के लिए निर्देश दिए गए। राजस्व मामलों को प्राथमिकता से प्रस्तुत करने के लिए कलेक्टर को निर्देशित किया गया। पुलिस विभाग को यातायात चालान से संबंधित मामलों को लोक अदालत में प्रस्तुत करने के लिए कहा गया।

मॉनिटरिंग सेल व न्यायालय भवन

मॉनिटरिंग सेल की बैठक में नवीन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय भवन के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। निर्माण कार्य समय पर पूर्ण करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।

हिट एंड रन प्रकरणों में अज्ञात वाहनों से हुई दुर्घटनाओं में मृतक एवं घायलों को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया पर चर्चा हुई। पुलिस एवं परिवहन विभाग को आवश्यक दस्तावेज तैयार कर एसडीएम के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, ताकि क्षतिपूर्ति प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूरी की जा सके।


अन्य पोस्ट