कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 16 फरवरी। कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी ने क्षेत्र के ग्रामीण विकास को गति देते हुए ग्राम पुसावण्ड और ग्राम बड़ेबंजोड़ा में विभिन्न निर्माण कार्यों की सौगात दी। इन कार्यों से ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं में राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पुसावण्ड में कुल 17.15 लाख रुपए की लागत से दो विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। इनमें आश्रित ग्राम काकडग़ांव मातागुड़ी के पास 3 लाख रुपए की लागत से बनने वाले सांस्कृतिक भवन का भूमिपूजन तथा 14.15 लाख रुपए की लागत से निर्मित नवीन पंचायत भवन का लोकार्पण शामिल रहा। वहीं ग्राम बड़ेबंजोड़ा में 6 लाख रुपए की लागत से दो सीसी सडक़ निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें पखना पारा में शिवलाल घर से 100 मीटर सीसी सडक़ तथा सीदाय घर से गुडिया घर तक 100 मीटर सीसी सडक़ निर्माण शामिल है।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक लता उसेंडी ने कहा कि राज्य सरकार गांवों में सडक़, भवन और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि सीसी सडक़ निर्माण से विशेषकर बरसात के दिनों में आवागमन की समस्या कम होगी और ग्रामीणों के दैनिक जीवन में सुविधा बढ़ेगी। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में सरपंच सूरज पोयाम, जनपद सदस्य फरसूराम नेताम सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने विकास कार्यों के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया।


