कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 15 फरवरी। महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर जिला मुख्यालय कोण्डागांव सहित पूरे जिले के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में दिखाई दीं, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का विशेष वातावरण बना रहा। पूरा जिला शिवभक्ति में सराबोर नजर आया और हर ओर हर-हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे।
जिला मुख्यालय के प्रमुख शिवालयों में कोपाबेड़ा शिवालय, बंधा तालाब शिवालय, नारंगी नदी शिवालय, शीतलेश्वर शीतला माता शिवालय, बड़ेकनेरा मार्ग डीएनके कॉलोनी शिवालय, आरईएस कॉलोनी शिवालय, नाहरपारा शिवालय, डोंगरीपारा पहाड़ी शिवालय, मड़ानार शिवालय, पलारी मोड़ शिवालय, बफना शिवालय तथा बल्लारी नाला कोकोड़ी मार्ग शिवालय में विशेष रूप से भक्तों की भीड़ देखी गई। श्रद्धालुओं ने जल, दूध, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर भगवान शिव का अभिषेक किया और कई स्थानों पर भजन-कीर्तन तथा रात्रि जागरण भी आयोजित हुआ।
मंदिरों के साथ-साथ मंदिरों तक पहुंचने वाले मार्गों पर भी सेवा भाव का अनूठा दृश्य दिखाई दिया। विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं द्वारा श्रद्धालुओं के लिए खिचड़ी, हलवा, शीतल पेय और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई। जगह-जगह भंडारे और सेवा शिविर लगाए गए, जिससे भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


