कोण्डागांव

सिपाही से दुव्र्यवहार, सरकारी काम में बाधा, चालक और कंडक्टर गिरफ्तार
14-Feb-2026 11:28 PM
सिपाही से दुव्र्यवहार, सरकारी काम में बाधा, चालक और कंडक्टर गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 14 फरवरी। एनएच-30 मेन रोड बोरणगांव ढाबा के पास रोड व्यवस्था ड्यूटी में तैनात आरक्षक से दुव्र्यवहार कर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने वाले ट्रक चालक और कंडक्टर को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के पालन में और थाना फरसगांव पुलिस की निगरानी में बोरणगांव ढाबा के पास नो-पार्किंग क्षेत्र से वाहनों को हटाने की ड्यूटी लगाई गई थी। इसी दौरान एक ट्रक चालक और कंडक्टर ने वाहन हटाने से मना करते हुए आरक्षक के साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी तथा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की।

घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्र के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी अभिनव उपाध्याय के पर्यवेक्षण में जांच पूरी की गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी विकेश कुमार सोनी (23) और नागेश सोनी (29), निवासी ग्राम बनियागांव, थाना धनौरा, जिला कोण्डागांव के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 11 फरवरी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पूरी कार्रवाई में पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही और मामले में त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया गया।


अन्य पोस्ट