कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 12 फरवरी। डी/188 बटालियन सीआरपीएफ, मारीपारा द्वारा 11 फरवरी को अपने परिचालन क्षेत्र अंतर्गत मारीपारा, केरातोंग, महिमा, लक्कापारा, लस्केपारा, अन्दुमपाल, भंडाररास, रोकेल, लाठीपारा, माटापारा, बेंद्रेपानी एवं पेद्दापारा के ग्रामीणों के लिए सिविक एक्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन कमांडेंट भवेश चौधरी के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान उप कमांडेंट कमल सिंह मीणा, सहायक कमांडेंट अमर सिंह मीणा तथा निरीक्षक/जीडी निलेश बी. उम्बरे, विजय कुमार, घनश्याम यादव, के.बी. भाई सहित अन्य अधिकारी, जवान, ग्रामीण, छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
कमांडेंट भवेश चौधरी ने कहा कि सिविक एक्शन कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय समुदाय के साथ संवाद और सहयोग को बढ़ावा देना है। उनके अनुसार ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल विकास से जुड़े प्रयासों को प्रोत्साहित किया जाता है, जिससे युवाओं को मुख्यधारा से जोडऩे में सहायता मिल सके।
कार्यक्रम में 7 स्कूलों और 3 छात्रावासों के छात्र-छात्राओं सहित 12 से अधिक गांवों के लगभग 1000 ग्रामीणों की उपस्थिति बताई गई। कुछ ग्रामीणों और शिक्षकों ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से उन्हें आवश्यक सामग्री प्राप्त होती है।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग और लेखन सामग्री, महिलाओं को साड़ी, युवाओं को खेल सामग्री (क्रिकेट किट, वॉलीबॉल किट, फुटबॉल किट) तथा ग्रामीणों को चार्जेबल एलईडी बल्ब वितरित किए गए।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई।


