कोण्डागांव

आस्था, भक्ति और संस्कृति का भव्य संगम, सिलाटी में पहली बार होगा महाशिवरात्रि महोत्सव
12-Feb-2026 9:51 PM
आस्था, भक्ति और संस्कृति का भव्य संगम, सिलाटी में पहली बार होगा महाशिवरात्रि महोत्सव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 12 फरवरी। केशकाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम सिलाटी में इस वर्ष पहली बार ऐतिहासिक एवं भव्य महाशिवरात्रि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। रविवार को आयोजित होने वाले इस महोत्सव को लेकर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और आध्यात्मिक वातावरण व्याप्त है। गांव के नर्मदेश्वर शिव मन्दिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-अर्चना, दोपहर 3 बजे रुद्राभिषेक और रात 8 बजे से मानसगान का आयोजन किया गया है। जिसकी व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा, रंग-बिरंगी पताकाओं और पुष्प सजावट से भव्य रूप प्रदान किया गया है।

रात्रि में राम कथा से गूंजेगा पूरा गांव

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर एक दिवसीय भव्य राम कथा का आयोजन किया जाएगा। प्रसिद्ध कथा वाचक श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और मर्यादा का संदेश देंगे। इसके साथ ही रुद्राभिषेक, भजन-कीर्तन, शिव स्तुति पाठ तथा रात्रिकालीन जागरण का आयोजन भी किया जाएगा। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात की विशेष व्यवस्था की गई है।

आयोजन समिति के पदाधिकारी अजय मिश्रा  ने बताया कि सिलाटी में पहली बार इस प्रकार का आयोजन हो रहा है। मंदिर समिति एवं ग्रामवासियों के संयुक्त प्रयास से आयोजित यह महोत्सव सिलाटी के लिए ऐतिहासिक क्षण माना जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि इससे धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता, सांस्कृतिक पहचान और सामुदायिक सहभागिता भी मजबूत होगी।


अन्य पोस्ट