कोण्डागांव

कांग्रेस का ब्लॉक स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन
12-Feb-2026 9:51 PM
कांग्रेस का ब्लॉक स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 12 फरवरी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी  द्वारा हाल ही में घोषित ब्लॉक, शहर मंडल और सेक्टर पदाधिकारियों के पदभार ग्रहण के अवसर पर पलारी के राउत पारा में ब्लॉक स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया।

घोषित सूची के अनुसार कोंडागांव ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में संजय करन तथा शहर अध्यक्ष के रूप में नरेंद्र देवांगन के नाम शामिल हैं। शहर मंडल अध्यक्ष के रूप में इरशाद खान और योगेंद्र पोयाम, जबकि ग्रामीण मंडल से भंवर कौशल, सेवक दीवान, पीलाराम बघेल, लखमू कोर्राम, सहदेव पोयाम और योगेंद्र राठौर को जिम्मेदारी दी गई है। सेक्टर प्रमुखों की भी घोषणा की गई।

सम्मेलन में पूर्व मंत्री मोहन मरकाम सहित अन्य पदाधिकारियों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी विभिन्न वर्गों के मुद्दों को उठाती रही है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि किसानों, पंचायत प्रतिनिधियों, कर्मचारियों और व्यापारियों से जुड़े कई मुद्दे लंबित हैं।

वक्ताओं ने धान खरीदी, समर्थन मूल्य, भुगतान प्रक्रिया, स्थानीय भर्ती और पंचायतों में विकास कार्यों से जुड़े विषयों पर प्रश्न उठाए।

उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को लेकर पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे।

कार्यक्रम में क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट