कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 11 फरवरी। 188वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा 10 फरवरी 2026 को सुकमा जिले के पेदारास क्षेत्र में सिविक एक्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में नागरिकों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस उप महानिरीक्षक रेंज जगदलपुर अरूल कुमार, 188वीं बटालियन के कमांडेंट भवेश कुमार चौधरी, सहायक कमांडेंट कमल सिंह मीणा, एस.के. दिनेश तथा के.के. चंद्रा के नेतृत्व में ई/188 समवाय की टीम मौजूद रही।
इस दौरान पंचायत पेदारास, टंगारास, बोदारास, जंगमपाल, पुसगुन्ना, कुन्दनपाल एवं डोलेरास क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्कूल बैग और लेखन सामग्री वितरित की गई। महिलाओं एवं ग्रामीणों को साड़ी और एलईडी बल्ब दिए गए। युवाओं को खेल सामग्री जैसे क्रिकेट किट, कैरम बोर्ड, वॉलीबॉल, वॉलीबॉल नेट और फुटबॉल वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही स्वास्थ्य जागरूकता, स्वच्छता और युवाओं को भर्ती प्रक्रिया संबंधी जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में उप स्वास्थ्य केंद्र कुन्दनपाल की परिचारिका सद्रुपा मंडावी और दुर्गा मंडावी, विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, कन्या आश्रम के अधीक्षक सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई।
स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों एवं आश्रम प्रबंधन ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।


