कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 11 फरवरी। अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह की राजधानी श्री विजयापुरम (पोर्ट ब्लेयर) में आयोजित अंडमान मैराथन 2026 में कोण्डागांव के धावक संतु साहू ने 10 किलोमीटर सीनियर वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
अंडमान मैराथन 2026 का आयोजन 8 फरवरी को किया गया। आयोजकों के अनुसार यह मैराथन अपने दसवें संस्करण के रूप में आयोजित हुई, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य खेल गतिविधियों के माध्यम से स्वास्थ्य और पर्यावरण से संबंधित जागरूकता फैलाना बताया गया।
10 किमी सीनियर वर्ग की दौड़ का प्रारंभ सेल्युलर जेल से किया गया और इसका समापन नेताजी स्टेडियम, श्री विजयापुरम में हुआ। आयोजकों के अनुसार दौड़ का मार्ग शहर के विभिन्न हिस्सों से होकर गुजरा।
आयोजन समिति के अनुसार इस वर्ष मैराथन की थीम ‘प्रकृति के लिए दौड़’ रखी गई थी। प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर संतु साहू को 10 किमी सीनियर वर्ग में द्वितीय स्थान प्रदान किया गया। उन्हें 30 हजार रुपये की नगद राशि, प्रशस्ति पत्र, शील्ड और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।पुरस्कार वितरण समारोह में अंडमान एवं निकोबार प्रशासन, आयोजन समिति और खेल विभाग से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने अपने संबोधन में संतु साहू के प्रदर्शन को युवाओं के लिए प्रेरक बताया। संतु साहू की उपलब्धि पर स्थानीय खेल संगठनों और नागरिकों ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है।


