कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 9 फरवरी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुलमुला में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परीक्षा से पूर्व विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य रमेश कुमार सोनपिपरे ने विद्यार्थियों को परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को तनाव मुक्त रहकर परीक्षा की तैयारी करने के तरीकों के संबंध में समझाइश दी। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान का आगमन हुआ। विद्यार्थियों और शिक्षकों द्वारा उनका स्वागत किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि परीक्षा के बाद विद्यार्थी विद्यालय से आगे की पढ़ाई के लिए प्रस्थान करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन करने तथा अपने छोटे भाई-बहनों को प्रेरित करने की सलाह दी।
उन्होंने आगामी परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम प्राप्त करने के लिए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। समारोह में शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं प्रदान कीं।


