कोण्डागांव

स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड का रजत जयंती उत्सव
05-Feb-2026 11:13 PM
स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड का रजत जयंती उत्सव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 5 फरवरी। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड कोंडागांव द्वारा से मंगलवार को स्वामी आत्मानंद विद्यालय जामकोट पारा में छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रजत जयंती उत्सव कार्यक्रम का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अधीक्षण अभियंता एच. के. सूर्यवंशी, विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यपालन अभियंता के. के. साव तथा विद्यालय की प्राचार्य रूबी भट्टाचार्य जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर विद्युत विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य बनने से लेकर अब तक के 25 वर्षों की विकास यात्रा, विद्युत क्षेत्र में हुए ऐतिहासिक सुधार, विभागीय नवाचारों एवं पीएम सूर्य घर योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमुदाय को दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में ऊर्जा संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा एवं राष्ट्र निर्माण में विद्युत की भूमिका के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा।

प्रतियोगिताओं से निखरी विद्यार्थियों की प्रतिभा

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय स्तर पर निबंध लेखन, चित्रकला, भाषण एवं नारा लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मक एवं बौद्धिक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। नारा लेखन प्रतियोगिता में यथार्थ नेताम ने प्रथम, तनुजा वैध ने द्वितीय, कृतिका गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में दिव्या वैध ने प्रथम, मुस्कान देवांगन ने द्वितीय, सुनीता देवांगन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में इशांत देवांगन ने प्रथम, सुनिधि देवांगन ने द्वितीय और शिवांगी देवांगन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार भाषण प्रतियोगिता में डॉली जैन ने प्रथम, तनुजा वैध ने द्वितीय और मुस्कान साहू तृतीय स्थान पर रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के शिक्षकों सीमा नंदेश्वर, सुधांशु अग्निहोत्री, उमेश साहू, अल्का परगनिहा, रूपा भगत एवं करुणा नेताम का विशेष सहयोग रहा।

वहीं विद्युत विभाग की ओर से कार्यपालन अभियंता श्री पी. वी. राजेश, सहायक अभियंता गोपेश बांधे, कनिष्ठ अभियंता विजेंद्र कुमार शार्दूल, अरुण देवांगन, फऩीश देवहारी एवं लाइनमेन रतन साना की सराहनीय भूमिका रही। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों द्वारा विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं तथा रजत जयंती उत्सव को ऊर्जा, उत्साह और प्रेरणा का संगम बताया गया।


अन्य पोस्ट