कोण्डागांव

विश्व आर्द्र भूमि दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम
04-Feb-2026 9:29 PM
विश्व आर्द्र भूमि दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 4 फरवरी। कोंडागांव वन विभाग द्वारा विश्व आर्द्र भूमि दिवस 2026 के अवसर पर मेंढर तालाब परिसर, अनंतपुर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम ‘आर्द्र भूमि और पारंपरिक ज्ञान: सांस्कृतिक विरासत का उत्सव’ रही।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष व विधायक लता उसेंडी शामिल हुईं। उन्होंने आर्द्र भूमि के संरक्षण, जैव विविधता की रक्षा और पारंपरिक ज्ञान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आद्र भूमि जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) चूड़ामणि सिंह ने की। उन्होंने आर्द्र भूमि संरक्षण के लिए जनसहभागिता को आवश्यक बताते हुए जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने में आद्र भूमियों की भूमिका पर अपने विचार रखे।

इस दौरान अनंतपुर हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र-छात्राएं भी कार्यक्रम में शामिल हुए। अवसर पर चित्रकला एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं, शिक्षक, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

आयोजन के माध्यम से आद्र भूमि संरक्षण को लेकर व्यापक जनजागरूकता का संदेश दिया गया।


अन्य पोस्ट