कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 2 फरवरी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गिरोला में 29 जनवरी को कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों द्वारा कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
विदाई के इस पल में वातावरण अत्यंत भावुक रहा। वर्षों की मित्रता, गुरुजनों का स्नेह और विद्यालय की स्मृतियाँ विद्यार्थियों की आँखों से छलकते आँसुओं के रूप में सामने आईं।
वरिष्ठ व्याख्याता दीपा राठौर, समीक्षा डोंगरे, इंदु टंडन, ममता माकरे एवं दीपक नाग ने बच्चों के साथ बिताए अपने अनुभवों को व्याख्यान के माध्यम से साझा किया। विद्यालय जीवन से निकलने के बाद बच्चों को समाज में अच्छे नागरिक के रूप में पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार राठौर ने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य, जीवन में निरंतर आगे बढ़ते रहने, हर परिस्थितियों में अपना नजरिया सकारात्मक रखने तथा सतत् ईमानदारी से मेहनत करते रहने की प्रेरणा दी। प्राचार्य ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में सफलता के लिए बच्चों को शुभकामनाएं भी दी।
कार्यक्रम में कक्षा 12 वी (कॉमर्स)के छात्र जितेंद्र मरकाम को मि.फेयरवेल तथा साधना शार्दूल(कक्षा 12वीं) को मिस फेयरवेल घोषित किया गया। साथ ही पूरे वर्ष भर विद्यालय की अन्य सभी गतिविधियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को देखते हुए स्टूडेंट ऑफ द ईयर के रूप में कक्षा 12 वी के छात्र संतोष दीवान (कृषि संकाय) को मेडल देकर सम्मानित किया गया ।
विदाई समारोह में उपस्थित शिक्षकों ने पूरी कक्षा 11वीं को कार्यक्रम के सफ़ल आयोजन के लिए बधाई दी एवं मीनाक्षी दीवान( कक्षा 11वीं) को बिदाई कार्यक्रम में सफलता पूर्वक मंच संचालन, सांस्कृतिक गतिविधियों के संचालन में अच्छी नेतृत्व क्षमता का परिचय देने के लिए अवॉर्ड फॉर रिमार्केबल मैनेजमेंट से सम्मानित किया गया ।
कार्यक्रम के दौरान मनोरंजक खेलों, आपसी संवाद और हँसी-मजाक के माध्यम से 12वी के विद्यार्थियों ने अपने विद्यालय जीवन के अंतिम पलों को यादगार बनाया। साथ ही सभी बच्चों के लिए स्वल्पाहार की सुंदर व्यवस्था भी थी। आर्ट्स व कृषि संकाय के बच्चों ने विद्यालय को स्मृति स्वरूप तीन बर्नर गैस चूल्हा और साइंस व कॉमर्स के बच्चों ने विशालकाय फोटो फ्रेम भेंट किया।
कार्यक्रम में कक्षा 9वी एवं 10वीं के बच्चे भी शामिल हुए एवं विद्यालय के सभी स्टाफ जिसमें मोहन लाल मरकाम, कविता पिल्लै, हस्तिना शार्दूल, जितेंद्र कुमार सिंह , रविशंकर तोमर, कल्पना वासनीकर, महाप्रताप साहू, अग्रज खरे, अमित देवांगन, उमेश्वरी दीवान, फाल्गुनी पटेल, मेहतरीन, संपत्ति व पवन भी उपस्थिति रहे।


