कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 1 फरवरी। महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर जिले को कुष्ठ रोग से मुक्त बनाने के उद्देश्य से 30 जनवरी से 13 फरवरी तक स्पर्श कुष्ठ पखवाड़ा का आयोजन जिले के सभी विकासखंडों में किया जा रहा है। यह कार्यक्रम कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी तथा जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. हरेंद्र बघेल के मार्गदर्शन में संचालित किया जाएगा।
इस अभियान के तहत जिले के समस्त ग्रामों में कुष्ठ रोग की पहचान, उपचार एवं जनजागरूकता को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। पखवाड़ा कार्यक्रम की शुरुआत 30 जनवरी को शासकीय नर्सिंग कॉलेज में कुष्ठ उन्मूलन हेतु शपथ ग्रहण समारोह के साथ की गई। कार्यक्रम में जिला कुष्ठ सहायक लोकेश सोनी, मनोज बघेल (आरएचओ) सहित नर्सिंग कॉलेज का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में वर्तमान में कुष्ठ के 58 नए मरीज चिन्हित किए गए हैं, वहीं 28 मरीजों को रोग मुक्त घोषित किया गया है तथा 76 मरीजों का उपचार जारी है। स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने-अपने शरीर पर पाए जाने वाले संदिग्ध दाग-धब्बों की जांच अवश्य कराएं और कुष्ठ मुक्त जिला बनाने में सहयोग प्रदान करें। अंत में अधिकारियों ने गांधी जी के विचारों को स्मरण करते हुए कहा गांधी जी का सुंदर सपना, कुष्ठ मुक्त हो जिला अपना।


