कोण्डागांव

मोर सुआद दीदी की रसोई में चित्रकला प्रदर्शनी व विक्रय का शुभारंभ
01-Feb-2026 10:52 PM
मोर सुआद दीदी की रसोई में चित्रकला प्रदर्शनी व विक्रय का शुभारंभ

कोंडागांव, 1 फरवरी। जिला प्रशासन कोंडागांव की अभिनव पहल के तहत मोर सुआद दीदी की रसोई परिसर में शनिवार को चित्रकला प्रदर्शनी एवं विक्रय का शुभारंभ बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक  लता उसेंडी द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिले भर से आए लोक कलाकारों एवं मॉडर्न आर्ट के कलाकारों ने अपनी रचनाओं की प्रदर्शनी लगाई, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य जिले के प्रतिभावान कलाकारों को एक सशक्त मंच प्रदान करना तथा बस्तर की समृद्ध आदिवासी कला और संस्कृति को नई पहचान दिलाना है। प्रदर्शनी में पारंपरिक आदिवासी चित्रकला के साथ-साथ आधुनिक शैली की कलाकृतियाँ भी देखने को मिलीं, जिससे कला प्रेमियों को विविधता का अनुभव हुआ।

इस आयोजन में भित्ति चित्र के माध्यम से कलाकारों द्वारा आदिवासी संस्कृति के इतिहास और जीवन शैली को दिखाया गया। प्रसिद्ध कलाकार राजेन्द्र राव द्वारा रामायण के एक प्रमुख खंड को पेंटिंग के माध्यम से जीवंत रूप में उकेरा गया, जिसे प्रदर्शनी में प्रमुख स्थान दिया गया। सुश्री लता उसेंडी ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कलाकारों की सराहना की और कहा कि इस तरह के आयोजनों से स्थानीय कलाकारों को न केवल प्रोत्साहन मिलता है, बल्कि उनकी कला को बाजार और पहचान भी प्राप्त होती है।

इसा अवसर पर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, जिला पंचायत अध्यक्ष  रीता शोरी, सदस्य यशोदा कश्यप,  मनोज जैन,  जीतू सुराना, नागेश देवांगन, हिना श्रीवास्तव, सोनामणि पोयाम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर, कोंडागांव एसडीएम अजय उरांव,  सहित कलाकार उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट