कोण्डागांव

सडक़ पर उतरे पूर्व विधायक संतराम नेताम
31-Jan-2026 10:34 PM
सडक़ पर उतरे पूर्व विधायक संतराम नेताम

चक्काजाम कर सरकार को चेताया, कहा- किसानों और मजदूरों के सब्र की परीक्षा न लें

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल/विश्रामपुरी, 31 जनवरी। जिला कांग्रेस कमेटी कोंडागांव के निर्देशानुसार विश्रामपुरी में पूर्व विधायक संतराम नेताम के नेतृत्व में धान खरीदी की सीमित अवधि और मनरेगा से जुड़े मुद्दों को लेकर एक दिवसीय सांकेतिक चक्काजाम का आयोजन किया गया। धान खरीदी दर में वृद्धि और मनरेगा मजदूरों को उनका हक दिलाने की मांग को लेकर पूर्व विधायक संतराम नेताम ने सैकड़ों किसानों व मजदूरों के साथ विश्रामपुरी जिला सहकारी बैंक के सामने मुख्य सडक़ पर चक्काजाम कर सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया। चक्काजाम के चलते कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा ।

पूर्व विधायक संतराम नेताम ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह सरकार न किसान की सुन रही है, न मजदूर की। धान की लागत आसमान छू रही है, लेकिन खरीदी दर बढ़ाने की इच्छाशक्ति सरकार में नहीं है। मनरेगा मजदूर महीनों से मजदूरी के लिए भटक रहे हैं।

 उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय किसानों और मजदूरों से बड़े-बड़े वादे करने वाली सरकार आज सत्ता में आते ही मुकर गई है। किसान अन्नदाता है और मजदूर विकास की रीढ़, लेकिन दोनों को ही जानबूझकर हाशिए पर धकेला जा रहा है ।

 नेताम ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही धान खरीदी में समय वृद्धि नहीं की गई और मनरेगा मजदूरों का लंबित भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की । अधिकारियों द्वारा मांगों को शासन तक पहुंचाने के आश्वासन के बाद चक्काजाम समाप्त किया गया । लेकिन प्रदर्शनकारियों ने साफ कर दिया कि आश्वासन नहीं, अब परिणाम चाहिए। इस आंदोलन में बड़ी संख्या में किसान, मनरेगा मजदूर और ग्रामीण शामिल रहे, जिन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

इस दौरान मुख्य रूप से कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष कमलेश ठाकुर, जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष हीरालाल नेताम, प्रहलाद कुंजाम, राधे बघेल, हेमंत मरकाम, छबिलाल वट्टी, शत्रुघ्न मरकाम, शीतल नाग, बाबूलाल साहू, सुरेश मरकाम, रामायण सिंह ध्रुव, ताम्रध्वज नेवरा उपस्थित रहे ।


अन्य पोस्ट