कोण्डागांव

केन्द्रीय विद्यालय में वंदे मातरम् महोत्सव आयोजित
28-Jan-2026 10:23 PM
केन्द्रीय विद्यालय में वंदे मातरम् महोत्सव आयोजित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 28 जनवरी। 188 बटालियन सीआरपीएफ द्वारा गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार गणतंत्र दिवस के अवसर पर 19 से 26 जनवरी तक वंदे मातरम् महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में 24 जनवरी को 188 बटालियन सीआरपीएफ, कोंडागांव द्वारा पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय कोंडागांव, जिला कोंडागांव में वंदे मातरम् महोत्सव का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम्  का सामूहिक गायन किया गया, जिसमें विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं तथा सीआरपीएफ के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और जवान शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन कमांडेंट श्री भवेश चौधरी के मार्गदर्शन में किया गया।

सामूहिक गायन से पूर्व सहायक कमांडेंट ओ.पी. विष्णोई ने अपने संबोधन में वंदे मातरम् महोत्सव के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वंदे मातरम्  की रचना बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय ने वर्ष 1876 में की थी, जिसे बाद में उनके उपन्यास आनंदमठ में शामिल किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि यह गीत पहली बार 28 दिसंबर 1896 को कांग्रेस के 12वें कोलकाता अधिवेशन में सार्वजनिक रूप से गाया गया था। सहायक कमांडेंट के अनुसार, यह गीत स्वतंत्रता संग्राम के दौरान लोगों के बीच प्रेरणा का स्रोत रहा।

कार्यक्रम में केन्द्रीय विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य सच्चिदानंद तिवारी, शिक्षिका  साक्षी चंद्राकर, शिक्षक विनायक कोली सहित अन्य शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं तथा 188 बटालियन के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।

 


अन्य पोस्ट