कोण्डागांव

लापत दो सगी अधेड़ बहनों की नदी में तैरती मिली लाश, जांच शुरू
20-Jan-2026 9:32 PM
लापत दो सगी अधेड़ बहनों की नदी में तैरती मिली लाश, जांच शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 20 जनवरी। कोंडागांव जिले के केशकाल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अड़ेंगा में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां रविवार शाम से लापता दो सगी बहनों की लाश नदी में तैरती हुई मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही केशकाल थाना प्रभारी विकास बघेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों शवों को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पानी से बाहर निकाला गया। जिसे पोस्टमार्टम के लिए केशकाल अस्पताल भेजा गया है।

दोनों अधेड़ महिला 11 जनवरी से अपने मायके डोहलापारा आई हुई थीं, रविवार को वापस अपने-अपने ससुराल जा रही थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतिका ब्रिजबति गावड़े (57 वर्ष) ऐटेकोनहाडी और मनाय बाई (55 वर्ष) जरहिडिहि ये दोनों सगी बहनें हैं। एक सप्ताह पहले अपने मायके ग्राम डोहलापारा आई हुई थीं। दोनों रविवार दोपहर साप्ताहिक बाजार अड़ेंगा गई थी, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटी थीं।  परेशान परिजन लगातार 2 दिनों से आसपास ढूंढ रहे थे, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

 मंगलवार सुबह गांव के एक व्यक्ति ने खेत जाते वक्त नदी के किनारे दो महिलाओं की लाश को पानी में तैरते हुए देखा और तत्काल गांव वालों को सूचना दी। गांव वालों ने मौके पर पहुंचकर देखा तो उनकी पहचान बृजबती और मनाय बाई के रूप में हुई।

इधर, घटना की सूचना मिलती केशकाल थाना प्रभारी विकास बघेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों शवों को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पानी से बाहर निकाला गया। जिसे पोस्टमार्टम के लिए केशकाल अस्पताल भेजा गया है।

थाना प्रभारी विकास बघेल ने बताया कि प्राथमिक जानकारी के अनुसार साप्ताहिक बाजार से घर लौटते वक्त दोनों महिलाएं नदी के किनारे बने पगडंडी में चलते हुए घर जा रही थी। संभवत: पैर फिसलने से वह पानी में गिर गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ है। फिलहाल मामले में मर्ग पंचनामा तैयार कर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट