कोण्डागांव

नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में युवक गिरफ्तार, तमिलनाडु से बरामद
29-Dec-2025 10:21 PM
नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में युवक गिरफ्तार, तमिलनाडु से बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 29 दिसंबर। कोंडागांव जिले की थाना मर्दापाल पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में एक युवक को तमिलनाडु से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार नाबालिग बालिका को लगभग दो माह पूर्व ले जाया गया था।

पुलिस के अनुसार,14 अक्टूबर को पीडि़ता के भाई द्वारा थाना मर्दापाल में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उसकी 16 वर्ष 2 माह की नाबालिग बहन को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया है। रिपोर्ट के आधार पर थाना मर्दापाल में गुम इंसान क्रमांक 10/2025 तथा अपराध क्रमांक 23/2025 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा (आईपीएस) के निर्देश पर नाबालिग की तलाश के लिए कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सतीश भार्गव के पर्यवेक्षण में जांच की गई।

जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों एवं पूछताछ के आधार पर जानकारी मिली कि नाबालिग को अंतिम बार नीलन कोर्राम उम्र 18 वर्ष 5 माह, निवासी पदेली डोंगरीपारा, थाना मर्दापाल, जिला कोंडागांव के साथ देखा गया था। साइबर सेल की मदद से संदिग्ध का लोकेशन तमिलनाडु के मीकानैकेनेपट्टी-एम कलाथुर रोड क्षेत्र में पाया गया।

इसके बाद थाना मर्दापाल से गठित टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर नाबालिग को बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में पीडि़ता ने बताया कि आरोपी ने शादी का प्रलोभन देकर उसे अपने साथ ले गया और उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए।

पुलिस ने आरोपी नीलन कोर्राम को गिरफ्तार कर 29 दिसंबर को न्यायिक रिमांड पर अपर सत्र न्यायाधीश, एफटीएससी पॉक्सो न्यायालय, कोंडागांव में प्रस्तुत किया है। मामले की विवेचना जारी है।


अन्य पोस्ट