कोण्डागांव

सीपीआई ने मनाया 100वां स्थापना दिवस
27-Dec-2025 9:14 PM
सीपीआई ने मनाया 100वां स्थापना दिवस

चिखलपुटी से फरसगांव तक उत्सव यात्रा निकाली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 27 दिसंबर। सीपीआई जिला परिषद कोंडागांव द्वारा कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के 100वां  स्थापना दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम चिखलपुटी में हुई, जहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में सीपीआई का झंडा फहराया गया। इस अवसर पर राज्य परिषद सदस्य कामरेड तिलक, जिला सचिव कामरेड शैलेष, सहायक सचिव जयप्रकाश, दिनेश सहित अन्य पदाधिकारी और विभिन्न गांवों से आए पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया और पार्टी के झंडे के इतिहास के बारे में जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की स्थापना 26 दिसंबर 1925 को कानपुर में हुई थी।

वक्ताओं के अनुसार, पार्टी ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान और उसके बाद लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर गतिविधियां संचालित की हैं।

पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि मजदूरों, किसानों, महिलाओं और अन्य वर्गों से जुड़े अधिकारों के लिए पार्टी द्वारा आंदोलन किए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बस्तर संभाग में पार्टी की गतिविधियों का एक इतिहास रहा है।

झंडा फहराने के बाद ग्राम चिखलपुटी से जिला मुख्यालय कोंडागांव होते हुए जनपद मुख्यालय फरसगांव तक चारपहिया और दोपहिया वाहनों से एक यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान पार्टी से जुड़े नारे लगाए गए। यात्रा के फरसगांव से वापस चिखलपुटी पहुंचने के बाद कार्यक्रम का समापन किया गया और उपस्थित लोगों को मिष्ठान वितरण किया गया।


अन्य पोस्ट