कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 25 दिसंबर। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर कोण्डागांव में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर बंधा तालाब गार्डन के समीप नवनिर्मित अटल परिसर में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का 25 दिसंबर को विधिवत अनावरण किया गया।
प्रतिमा का अनावरण नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल एवं उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में नगर के जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थितजनों ने अटल जी के व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। इसी कड़ी में 25 दिसंबर को दोपहर 12 बजे प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने वर्चुअल माध्यम से अटल परिसर का लोकार्पण किया। लोकार्पण के साथ ही कोण्डागांव का पुराना एसपी कार्यालय चौक अब अटल परिसर चौक के नाम से जाना जाएगा।
नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी दिनेश डे ने जानकारी देते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ प्रदेश के 115 नगरीय निकायों में अटल परिसर का निर्माण किया गया है। इसी क्रम में कोण्डागांव के बंधा तालाब परिसर में लगभग 30 लाख रुपये की लागत से अटल परिसर का निर्माण पूर्ण किया गया है। उन्होंने बताया कि अटल परिसर के निर्माण से क्षेत्र की सौंदर्यात्मक साज-सज्जा में वृद्धि होगी और यह स्थान आमजन के लिए एक प्रमुख आकर्षण केंद्र के रूप में विकसित होगा।


