कोण्डागांव
विधायक नीलकंठ टेकाम हुए शामिल
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
केशकाल, 25 दिसंबर। केशकाल में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत सुशासन दिवस के अवसर पर एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुराना बस स्टैंड, केशकाल में नवनिर्मित अटल परिसर का वर्चुअल उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के करकमलों से संपन्न हुआ। इस अवसर पर केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने अटल जी के विचारों को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
विधायक नीलकंठ टेकाम ने इस अवसर पर कहा कि अटल परिसर न केवल स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी के विचारों और योगदान का प्रतीक है, बल्कि यह केशकाल नगर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है।
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। अटल परिसर के उद्घाटन से क्षेत्र में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक गतिविधियों को नया आयाम मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से नगर पंचायत केशकाल के अध्यक्ष बिहारी लाल सोरी, उपाध्यक्ष भूपेश सिन्हा, नगर पंचायत के सभी पार्षदगण, भाजपा नेता संतोष कटारिया, भाजपा जिला उपाध्यक्ष आकाश मेहता, मंडल महामंत्री नवदीप सोनी, राजू राठी, वरिष्ठ पत्रकार कृष्णदत्त उपाध्याय, सीएमओ नामेश कावड़े सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, नगरवासी एवं नगर पंचायत के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।


