कोण्डागांव

विधायक उसेंडी ने जिला स्तरीय युवा उत्सव का किया शुभारंभ
21-Dec-2025 10:21 PM
विधायक उसेंडी ने जिला स्तरीय युवा उत्सव का किया शुभारंभ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 21 दिसंबर। कनेरा रोड स्थित ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय युवा उत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी उपस्थित रहीं। उन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया और प्रतियोगिता में भाग ले रहे युवाओं का उत्साहवर्धन किया।

मुख्य अतिथि लता उसेंडी ने कहा कि जिले के युवा आज ब्लॉक स्तर से आगे बढक़र जिला स्तर तक पहुंचे हैं और आगे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने की पूरी क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि यदि शरीर और मन को स्वस्थ रखना है तो खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों से बेहतर कोई माध्यम नहीं है। खेल का मैदान युवाओं को शारीरिक रूप से मजबूत बनाता है और मानसिक रूप से सशक्त करता है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि जिस क्षेत्र में उनकी रुचि हो, उसी को चुनकर मेहनत करें, आसमान भी खुला है और मैदान भी, बस अपने लिए जगह बनानी है।

 कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार द्वारा युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए निरंतर मंच उपलब्ध कराए जा रहे हैं। युवा उत्सव भी उसी प्रयास का हिस्सा है, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली युवा आगे आ सकें।

जिला खेल अधिकारी सुधा कुमार ने बताया कि इस जिला स्तरीय युवा उत्सव में जिले के 5 विकासखंडों से लगभग 250 कलाकार भाग ले रहे हैं। विभिन्न विधाओं में चयनित विजेता कलाकार आगामी राज्य स्तरीय युवा उत्सव में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। युवा उत्सव के अंतर्गत लोक नृत्य, पंथी नृत्य, राउत नाचा, सुवा नृत्य, करमा नृत्य, लोक गीत, वाद-विवाद, कहानी लेखन, चित्रकला, कविता लेखन, नवाचार, एकांकी, पारंपरिक नृत्य एवं रॉक बैंड जैसी विविध विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गई।

इस अवसर पर मनोज जैन, दीपेश अरोरा, जितेंद्र सुराना, हिना श्रीवास्तव, सोनामणि पोयाम, सुषमा खोब्रागड़े, लक्ष्मी ध्रुव, अभिनाश पांडे, खेम वैष्णव, टंकेश्वर पानिग्रही, राजेंद्र राव, वैंकटेश राव, ब्रिजेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, प्रतिभागी युवा एवं दर्शक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट