कोण्डागांव

नाबालिग से रेप, राजस्थान से आरोपी गिरफ्तार
20-Dec-2025 9:54 PM
 नाबालिग से रेप, राजस्थान से आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 20 दिसंबर। विश्रामपुरी पुलिस ने नाबालिग से रेप के मामले में आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान आदित्य दुबे उत्तर प्रदेश के रूप में की गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 8 नवंबर को प्रार्थिया ने थाना विश्रामपुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि  6  नवंबर  को एक अज्ञात व्यक्ति उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 137(2) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव पंकज चन्द्रा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल के मार्गदर्शन एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी केशकाल अरुण कुमार नेताम के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी उप निरीक्षक विनोद नेताम के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

विवेचना के दौरान सायबर सेल कोण्डागांव से प्राप्त संदिग्ध मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम 18 दिसंबर को थाना बगरू, जिला जयपुर (राजस्थान) पहुंची। वहां से आरोपी के कब्जे से पीडि़ता को बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार पीडि़ता ने अपने कथन में बताया कि मोबाइल के माध्यम से आरोपी ने शादी का प्रलोभन देकर पहले दिल्ली बुलाया और बाद में बगरू, जिला जयपुर (राजस्थान) में अपने साथ रखा, जहां उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए। पीडि़ता के कथन के आधार पर प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64, 64(1)(ड), 67 तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 6 जोड़ी गई।

आरोपी को थाना विश्रामपुरी लाकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर  20 दिसंबर को उसे  गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है।


अन्य पोस्ट