कोण्डागांव

नेशनल लोक अदालत में आपसी सहमति से प्रकरण समाप्त
14-Dec-2025 10:17 PM
नेशनल लोक अदालत में आपसी सहमति से प्रकरण समाप्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 14 दिसंबर। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, कोण्डागांव  के न्यायालय में आपराधिक प्रकरण क्रमांक 768/2022 (छत्तीसगढ़ शासन बनाम बंशीलाल नेताम एवं अन्य) का निपटारा नेशनल लोक अदालत के माध्यम से किया गया।

न्यायालयीन अभिलेखों के अनुसार, प्रकरण में प्रार्थिया अमरोतीन नेताम द्वारा थाना बड़ेडोंगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में प्रार्थिया ने आरोप लगाया था कि 22 सितंबर 2022 को सुबह लगभग 8 बजे वह सुक्सी मछली लेकर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी बंशीलाल नेताम के घर के पास पहुंचने पर उसकी पत्नी प्रेमबाई नेताम द्वारा बुलाए जाने पर वह आरोपी के घर गई, जहां आरोपी द्वारा गाली-गलौच, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया था। प्रार्थिया के अनुसार, इस घटना में उसे कंधे और सीने के पास चोट आई थी। आरोपी प्रार्थिया का देवर बताया गया है।

यह प्रकरण वर्ष 2022 से न्यायालय में लंबित था। लोक अदालत के दौरान पीठासीन अधिकारी द्वारा दोनों पक्षों को समझाइश दी गई। न्यायालय में प्रस्तुत जानकारी के अनुसार, आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में विवाद न करने की बात कही। इसके बाद दोनों पक्षों की सहमति से प्रकरण का राजीनामा किया गया।

13 दिसंबर को नेशनल लोक अदालत में प्रार्थिया और आरोपी द्वारा राजीनामा किए जाने के बाद उक्त प्रकरण को समाप्त कर दिया गया।

प्रकरण के निपटारे के उपरांत मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, कोण्डागांव रेशमा बैरागी पटेल द्वारा प्रार्थिया को पौधा प्रदान किया गया।


अन्य पोस्ट