कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 13 दिसंबर। कल विश्व व्यापी स्वास्थ्य कवरेज दिवस के अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश / अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव किरण चतुर्वेदी के मार्गदर्शन एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव गायत्री साय के नेतृत्व में प्रतिधाकर अधिवक्ता सुरेन्द्र भट्ट एवं अधिकार मित्र के द्वारा शासकीय माध्यमिक विद्यालय पलारी में विधिक साक्षरता शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
इस कार्यकम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को स्वास्थ्य अधिकार, नि:शुल्क चिकित्सा सेवाएं, सरकारी स्वास्थय सेवाएं तथा उनके विधिक अधिकारों के बारे में जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि स्वास्थ्य एक मौलिक अधिकार है तथा प्रत्येक नागरिक को नि:शुल्क और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थय सेवाएं उपलब्ध कराना स्वयं की जिम्मेदारी है। शिविर में स्वास्थ्य सुरक्षा जैसे आयुष्मान भारत, जननी सुरक्षा योजना, टीकाकरण कार्यक्रम, मानसिक स्वास्थ्य सहायता सेवाएं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही बाल विवाह अधिनियम, बाल श्रम, पॉक्सो एक्ट, चाईल्ड हेल्प लाईन नम्बर 1098 के संबंध में जानकारी दी गई। विद्यालय में उपस्थित छात्र-छात्राएं सक्रिय रूप से कार्यक्रम में भाग लिये।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षिकाएं एवं अधिकार मित्र रंजन बैध उपस्थित रहे।