कोण्डागांव

मलेरिया नियंत्रण के लिए डोर-टू-डोर सर्वे के साथ कुष्ठ रोग खोज अभियान भी
13-Dec-2025 10:18 PM
मलेरिया नियंत्रण के लिए डोर-टू-डोर सर्वे के साथ कुष्ठ रोग खोज अभियान भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 13 दिसंबर। कोंडागांव जिले में मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम के तेरहवें चरण के तहत डोर-टू-डोर सर्वे के साथ कुष्ठ रोग खोज अभियान भी संयुक्त रूप से चलाया जा रहा है। यह अभियान कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देश और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिले के सभी विकासखंडों के चिन्हांकित ग्राम-पारों में संचालित किया जा रहा है।

कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. सोनल ध्रुव ने बताया कि अभियान से पहले जिले के सभी गांवों में मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रचार-प्रसार किया गया और ग्राम-पारा स्तर पर रैपिड फीवर सर्वे की कार्ययोजना बनाई गई। उन्होंने बताया कि सर्वे कार्य प्रति सप्ताह सोमवार, बुधवार और गुरुवार को किया जा रहा है। चिन्हांकित मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में यह अभियान 8 से 31 दिसंबर तक चलाया जाना है।

डॉ. सोनल ध्रुव के अनुसार, इस चरणबद्ध अभियान के माध्यम से मलेरिया की दर में कमी दर्ज की गई है और रोग की पहचान एवं नियंत्रण के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। निर्धारित तिथियों में सर्वेक्षित गांवों में मलेरिया अभियान के साथ-साथ कुष्ठ रोग खोज अभियान भी चलाया जा रहा है।

कुष्ठ रोग कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी डॉ. हरेंद्र बघेल और जिला समन्वयक लोकेश सोनी ने बताया कि कुष्ठ रोग पूर्व जन्म से जुड़ा नहीं होता, बल्कि यह शरीर की प्रतिरक्षा क्षमता से संबंधित होता है। उनके अनुसार वर्ष 2024 में जिले में 119 संभावित मरीजों की पहचान की गई थी, जिनमें जांच के बाद 2 मरीजों की पुष्टि हुई थी और उनका उपचार पूरा हो चुका है। वर्तमान अभियान में 10 संभावित मामलों में से 1 मरीज की पुष्टि हुई है, जिसका उपचार जारी है।

उन्होंने बताया कि पुष्टि हुए मरीज के संपर्क में आए परिजनों को पीईपी (प्रोफिलैक्टिक दवा) की एकल खुराक दी जा रही है। मरीज की नियमित निगरानी की जा रही है तथा साफ-सफाई और खान-पान से संबंधित सलाह दी जा रही है। उपचार अवधि छह माह से एक वर्ष तक की होती है, जिसे संबंधित स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों और मितानिनों की निगरानी में दिया जाता है।

 ब्लॉक और जिला स्तर की टीम द्वारा समय-समय पर फॉलोअप भी किया जा रहा है।

अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा कुष्ठ रोग के लक्षणों—जैसे शरीर के किसी हिस्से में सुन्नपन, त्वचा पर दाग, गांठ, हाथ-पैरों में झुनझुनी, भौंहों के बाल झडऩा, गर्म-ठंडे का अहसास न होना, आंख खोलने में कठिनाई, नाक की बनावट में परिवर्तन की जानकारी दी जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे लक्षण पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की सलाह दी जा रही है।

स्वास्थ्य कर्मचारियों और मितानिनों को भी सर्वेक्षण के दौरान संभावित मामलों की पहचान कर रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।


अन्य पोस्ट