कोण्डागांव
कोण्डागांव, 13 दिसंबर। कोण्डागांव पुलिस के निर्देश पर मर्दापाल थाना परिसर में ग्रामीणों और स्थानीय दुकानदारों की बैठक आयोजित की गई।
पुलिस के अनुसार यह बैठक पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी सतीश भार्गव के निर्देश पर आयोजित की गई।
बैठक के दौरान पुलिस ने नाबालिग बच्चियों और महिलाओं से जुड़े अपराधों, मोबाइल फोन के माध्यम से होने वाली ऑनलाइन ठगी तथा अज्ञात व्यक्तियों को ओटीपी, एटीएम पिन या आधार संख्या साझा न करने संबंधी सावधानियों की जानकारी दी।
पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन, चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट उपयोग करने, दोपहिया चालकों को हेलमेट पहनने और शराब सेवन कर वाहन न चलाने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों से कहा गया कि यदि थाना क्षेत्र में कोई अज्ञात व्यक्ति संदिग्ध गतिविधियों में दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत थाने को दी जाए। इसके लिए थाने का लैंडलाइन नंबर ग्रामीणों को उपलब्ध कराया गया।