कोण्डागांव

बंधा गार्डन रिनोवेशन में लापरवाही के आरोप, 2 करोड़ खर्च के बाद भी अव्यवस्था, आज से खुलेगा गार्डन
06-Dec-2025 9:18 AM
बंधा गार्डन रिनोवेशन में लापरवाही के आरोप, 2 करोड़ खर्च के बाद भी अव्यवस्था, आज से खुलेगा गार्डन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 5 दिसंबर। जिला मुख्यालय स्थित बंधा गार्डन के रिनोवेशन (नवीनीकरण)कार्य पर लगभग 2 करोड़ रुपये खर्च किए जाने के बावजूद इसके उद्घाटन से पहले ही कई खामियां सामने आई हैं।

एक वर्ष से अधिक समय तक बंद रहने के बाद गार्डन को आज से आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा, परंतु वर्तमान स्थिति को लेकर नागरिकों ने असंतोष व्यक्त किया है।

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि रिनोवेशन कार्य का प्रभाव जमीन पर दिखाई नहीं देता। उनके अनुसार— झूले जंग लगे और कई जगहों पर टूटे हैं। वन्यजीवों की प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त पड़ी हैं।  पाथ-वे पर असमान और अव्यवस्थित रूप से टाइल्स लगाई गईं, जिन पर चलना असुविधाजनक है। फाउंटेन का कार्य अधूरा है। गार्डन के कई हिस्सों में झाडिय़ां फैल गई हैं। विद्युत व्यवस्था के तहत लगाए गए खंभों में भी कई स्थानों पर मरम्मत की आवश्यकता है। वाटर फाउंटेन के आसपास फिसलन वाली टाइल्स लगी होने से बच्चों और बुजुर्गों के लिए सुरक्षा संबंधी चिंताएं बनी हुई हैं।

नागरिकों का आरोप है कि निर्धारित बजट के बावजूद निर्माण गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है और कई कार्य अधूरे हैं।

नगर पालिका ने भी मानी खामियां

नगरपालिका के सीएमओ दिनेश डे  ने भी गार्डन में सुधार की आवश्यकता को स्वीकार करते हुए कहा कि स्थानीय विधायक और कलेक्टर के निर्देश पर गार्डन आज से खोला जा रहा है, लेकिन कई मरम्मत और साफ-सफाई के कार्य अभी भी शेष हैं।

जिम्मेदारी पर उठ रहे सवाल

लगभग एक वर्ष तक चलाए गए रिनोवेशन कार्य के बाद भी गार्डन की वर्तमान स्थिति निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग पर सवाल खड़े करती है। स्थानीय लोग रिनोवेशन में हुई लापरवाही की जांच की मांग कर रहे हैं तथा दोषियों पर कार्रवाई की अपेक्षा जता रहे हैं।


अन्य पोस्ट