कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 4 दिसंबर। नगर की जीवनरेखा मानी जाने वाली नारंगी नदी में जल संरक्षण कार्यों की उपेक्षा अब कोंडागांव के लिए गंभीर समस्या का रूप लेती जा रही है। बढ़ती गर्मी के संकेतों के बीच नगर में संभावित पेयजल संकट को लेकर लोगों की चिंता गहराने लगी है, लेकिन जोंधरापदर एनीकट और खडक़घाट स्टॉप डैम में जल संरक्षण हेतु कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने बुधवार को इन दोनों स्टॉप डैम का निरीक्षण किया और वर्तमान स्थिति की तस्वीरें मीडिया से साझा कीं। लोगों का कहना है कि संरचनाओं में जलस्तर लगातार गिर रहा है, जबकि विभागीय स्तर पर न तो मरम्मत की जा रही है, न सफाई और न ही जल भराव बढ़ाने के उपाय किए जा रहे हैं।
नगरवासियों के अनुसार यदि जल्द ही नदियों में जल संरक्षण कार्य शुरू नहीं हुए तो आगामी महीनों में भूमिगत जलस्तर में तेज गिरावट देखने को मिल सकती है। इससे नगर के कई मोहल्लों में पेयजल आपूर्ति पर गहरा असर पड़ेगा और जल संकट गंभीर रूप ले सकता है।
स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करते हुए जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि डैमों की मरम्मत, गाद निकासी, जल रोकने की प्रभावी व्यवस्था और जल संरक्षण की योजनाओं को धरातल पर उतारे बिना शहर को संभावित संकट से बचाना संभव नहीं होगा।
नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सर्वे कर आवश्यक कदम उठाए जाएँ, ताकि आने वाले ग्रीष्मकाल में नगरवासियों को पेयजल की कमी का सामना न करना पड़े।