कोण्डागांव
कोंडागांव, 3 दिसंबर। पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव पंकज चन्द्रा के निर्देशानुसार कल पुलिस लाईन परिसर, चिखलपुटटी, कोण्डागांव में रक्षित केन्द्र कोण्डागांव के सहयोग से महिला एवं बाल विकास विभाग, कोण्डागांव द्वारा सुपोषण चौपाल का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में पुलिस लाईन परिसर की लगभग 100 महिलाएं/ बच्चे एवं पुलिस के जवान शामिल हुए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं को पोषण आहार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी, बच्चों की देखभाल के उपाय, घरेलू हिंसा अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम तथा लैंगिक अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तृत जागरूकता प्रदान की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देना रहा, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) रूपेश कुमार, रक्षित निरीक्षक मनीष सिंह राजपूत एवं अन्य स्टॉफ सदस्यगण उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को सराहनीय बताते हुए इसे निरंतर आयोजित करने का सुझाव दिया।
पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव ने इस पहल के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि पुलिस विभाग सामाजिक जागरूकता के विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए समाज को मजबूत बनाने के लिए प्रयासरत रहेगा।