कोण्डागांव

सीआरपीएफ 188 बटालियन में स्वच्छता पखवाड़ा शुरू, जवानों ने ली स्वच्छता की शपथ
02-Dec-2025 9:35 PM
सीआरपीएफ 188 बटालियन में स्वच्छता पखवाड़ा शुरू, जवानों ने ली स्वच्छता की शपथ

कोण्डागांव, 2 दिसंबर। केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल 188 बटालियन कोण्डागांव द्वारा स्वच्छ भारत अभियान के तहत स्वच्छता पखवाड़ा की शुरुआत 1 दिसंबर को की गई। यह अभियान बटालियन परिसर चिकलपुट्टी में कमाण्डेंट भवेष चौधरी के मार्गदर्शन में शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सभी अधिकारियों और जवानों को स्वच्छता की शपथ दिलाकर की गई।

सरकार द्वारा विभिन्न विभागों में प्रतिवर्ष आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा इस वर्ष सीआरपीएफ की 188 बटालियन द्वारा 1 से 15 दिसंबर तक चलाया जा रहा है। पखवाड़े में जवानों को अपने घर, मोहल्ले, गली और गांव को स्वच्छ रखने का संकल्प दिलाया गया।

कमाण्डेंट भवेष चौधरी ने कहा कि, महात्मा गांधी ने स्वतंत्र भारत के साथ स्वच्छ भारत का भी सपना देखा था। राष्ट्र को स्वच्छ रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।

यदि नागरिक स्वच्छता को अपनाते हैं तो देश स्वाभाविक रूप से सुंदर दिखता है। सभी जवान और नागरिक प्रतिदिन मात्र दो घंटे स्वच्छता के लिए दें, तो देश स्वच्छ और स्वस्थ बन सकता है।

शपथ कार्यक्रम में उप कमाण्डेंट कमल सिंह मीणा, सहायक कमाण्डेंट ओ.पी. विष्नोई, चिकित्सा अधिकारी डॉ. राहुल चन्द्रन, अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने और समाज को प्रेरित करने का संकल्प लिया।

पखवाड़े के दौरान बटालियन द्वारा विभिन्न सफाई गतिविधियाँ, जागरूकता कार्यक्रम और सामुदायिक पहलें भी आयोजित की जाएगी।


अन्य पोस्ट