कोण्डागांव

23 वर्ष की देशसेवा के बाद घर लौटे, हवलदार श्रीकांत का भव्य स्वागत
02-Dec-2025 9:27 PM
23 वर्ष की देशसेवा के बाद घर लौटे, हवलदार श्रीकांत का भव्य स्वागत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 2 दिसंबर। भारतीय थल सेना की आर्मी एयर डिफेंस में 23 वर्षों तक निस्वार्थ राष्ट्र सेवा करने के उपरांत सेवानिवृत्त हुए हवलदार श्रीकांत तिवारी का सोमवार को कोंडागांव में जोरदार स्वागत किया गया।

अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद्, जिला कोंडागांव द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, स्थानीय नागरिक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

हवलदार श्रीकांत तिवारी ने 23 वर्षों तक देश की सीमाओं और आकाश सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ‘सेवा-साहस-सम्मान’ के मूल मंत्र को चरितार्थ करते हुए उन्होंने ‘राष्ट्र प्रथम - सदैव एवं सर्वदा’ के आदर्श को अपने कार्यकाल में सर्वोपरि रखा।

फूल-मालाओं, नारों और जुलूस के साथ स्वागत

सेवानिवृत्ति के बाद गृह नगर लौटने पर श्रीकांत तिवारी का रायपुर नाका से आलबेड़ा पारा तक भव्य जुलूस निकाला गया। रास्ते भर पूर्व सैनिकों और युवाओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। गांधी चौक में आतिशबाजी के साथ उनका अभिनंदन किया गया, जिससे माहौल देशभक्ति के रंग में रंग गया।

परिवार ने की आरती, परिषद ने दिया सम्मान

घर पहुंचने पर उनकी पत्नी, बच्चे और परिजनों ने पारंपरिक रीति से आरती उतारकर स्वागत किया। परिषद के पदाधिकारियों ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके साहस और समर्पण को सलाम किया।

परिषद के सदस्यों ने कहा कि श्रीकांत तिवारी कोंडागांव के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनकी सेवा पर क्षेत्र को गर्व है।

युवाओं को सैन्य भर्ती के लिए करेंगे तैयार

स्वागत के लिए आभार जताते हुए श्रीकांत तिवारी ने कहा कि 23 वर्ष की देशसेवा के बाद घर लौटना बेहद भावुक क्षण है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि अब वे जिले के युवाओं को सैन्य भर्ती की तैयारी के लिए अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के साथ मिलकर प्रशिक्षण देंगे, ताकि अधिक से अधिक युवा देशसेवा के लिए प्रेरित हों।

 

इस अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के संरक्षक व बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा, जिला अध्यक्ष सूरज यादव, सचिव उमेश साहू, कोषाध्यक्ष सोमेश्वर भारती एवं पूर्व सैनिकों के साथ बड़ी संख्या में सैन्य प्रशिक्षण ले रहे युवक युवतियाँ उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट