कोण्डागांव
सरपंच ने जिला पंचायत सीईओ से की कार्रवाई की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 1 दिसंबर। ग्राम पंचायत सातगांव में पंचायत सचिव के कार्यों को लेकर विवाद की स्थिति बन गई है। सरपंच ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवेदन देकर शिकायतकर्ता सेवकराम दीवान के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। सरपंच का आरोप है कि शिकायतकर्ता लगातार पंचायत और सचिव के खिलाफ तथ्यहीन शिकायतें कर रहा है।
सरपंच द्वारा प्रस्तुत आवेदन में कहा गया है कि वर्तमान सचिव सदाबृज दीवान को सातगांव में पदस्थ हुए लगभग एक वर्ष हुआ है और इस अवधि में पंचायत के तहत मुख्य रूप से सीसी रोड का निर्माण कार्य कराया गया है। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि निर्माण कार्य की पूरी राशि पंचायत को अब तक प्राप्त नहीं हुई है, फिर भी कार्य पूरा कर लिया गया। सरपंच के अनुसार, ऐसे में शिकायतकर्ता द्वारा कार्य में अनियमितता या मनमानी के आरोप सही नहीं लगते।
सरपंच ने यह भी कहा है कि सेवकराम दीवान पहले भी पूर्व सचिवों और पंचायत के विरुद्ध शिकायतें करता रहा है। सरपंच के मुताबिक, इस तरह की शिकायतें पंचायत के कार्यों में व्यवधान पैदा करती हैं और कर्मचारियों के मनोबल पर असर डालती हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के मामले बढऩे से विकास कार्यों की गति भी प्रभावित हो सकती है।
सरपंच ने जिला पंचायत सीईओ से अनुरोध किया है कि बार-बार की जा रही शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि आगे अनावश्यक शिकायतों के कारण प्रशासनिक कार्य प्रभावित न हों।
जिला पंचायत प्रशासन की ओर से इस मामले में अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।