कोण्डागांव
कोंडागांव, 1 दिसंबर। शासकीय आदर्श आवासीय कन्या महाविद्यालय में 28-29 नवंबर को राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता (पुरुष एवं महिला वर्ग) का आयोजन इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम, कोंडागांव में किया गया। आयोजन उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार किया गया। प्रतियोगिता में महिला वर्ग में प्रथम स्थान दुर्ग सेक्टर, दूसरा स्थान रायपुर सेक्टर, पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान बिलासपुर एवं दूसरा स्थान रायपुर सेक्टर ने अपने नाम किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नरपती पटेल, विशिष्ट अतिथि जसकेतु उसेण्डी, पर्यवेक्षक डॉ. देबाशीस हाजऱा और डॉ. सरला आत्राम सहित महाविद्यालय प्रबंधन एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। अतिथियों के स्वागत के बाद सरस्वती, छत्तीसगढ़ महतारी, प्रमिला देवी नाग और मेजर ध्यानचंद की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
महाविद्यालय के अनुसार, आयोजन में प्रदेश के 11 सेक्टरों से 44 महिला और 66 पुरुष खिलाडिय़ों ने भाग लिया। विभिन्न विश्वविद्यालयों से आए चयनकर्ताओं ने प्रदर्शन के आधार पर खिलाडिय़ों का चयन किया, जो आगे ओडिशा के सम्बलपुर में आयोजित होने वाले पूर्वी जोन प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी और कहा कि अधिक खिलाडिय़ों को अवसर देने हेतु सेक्टरों की संख्या बढ़ाई गई है।
विशिष्ट अतिथि ने खिलाडिय़ों को खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने की बात कही। कार्यक्रम के अध्यक्ष तिलक चंद्र देवांगन ने खिलाडिय़ों के अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण पर जोर दिया। उद्घाटन समारोह में कॉलेज की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। प्रतियोगिता सचिव एवं क्रीड़ा अधिकारी सुनील देव जोशी ने बताया कि महाविद्यालय की स्थापना के तीन वर्ष बाद इसे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित करने का अवसर मिला।
प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे—महिला वर्ग- प्रथम स्थान दुर्ग सेक्टर, द्वितीय स्थान रायपुर सेक्टर, पुरुष वर्ग- प्रथम स्थान बिलासपुर सेक्टर, द्वितीय स्थान रायपुर सेक्टरबेस्ट प्लेयर में महिला वर्ग - स्तुति (दुर्ग सेक्टर), पुरुष वर्ग- मानस भट्टाचार्य (बिलासपुर सेक्टर)।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। आयोजन में महाविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा विभिन्न सेक्टरों के क्रीड़ा अधिकारियों की उपस्थिति रही।