कोण्डागांव

जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की धीमी शुरुआत, किसान चिंतित
19-Nov-2025 11:06 PM
जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की धीमी शुरुआत, किसान चिंतित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 19 नवंबर। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया 15 नवंबर से शुरू की गई है, लेकिन कोंडागांव जिले में खरीदी की प्रगति धीमी बताई जा रही है। जिले में कुल 67 धान खरीदी केंद्र हैं, जिनमें से 52 केंद्रों पर अब तक खरीदी शुरू नहीं हुई है।

कई किसानों ने बताया कि कुछ केंद्रों पर गतिविधि बेहद कम है और वहां नियुक्त कर्मचारी एवं अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। किसानों का कहना है कि इससे खरीदी प्रक्रिया प्रभावित हो रही है और उन्हें यह स्पष्ट नहीं है कि कब तक नियमित खरीदी शुरू होगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिन केंद्रों में नियमित कर्मचारी उपलब्ध नहीं हैं, वहां वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में राजस्व एवं शिक्षा विभाग के कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। हालांकि स्थानीय स्तर पर कहा जा रहा है कि इन कर्मियों को खरीदी प्रक्रिया का पूर्ण प्रशिक्षण नहीं मिल सका है, जिसके कारण काम की गति पर असर पड़ रहा है।

धान खरीदी में देरी को लेकर किसानों ने कर्ज अदायगी, आगामी फसल की तैयारी तथा पारिवारिक खर्चों को लेकर चिंता व्यक्त की है। किसानों का कहना है कि खरीदी समय पर शुरू न होने से उनकी आर्थिक योजनाओं पर प्रभाव पड़ सकता है।

प्रशासनिक स्तर पर धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू करने के प्रयास जारी हैं।


अन्य पोस्ट