कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 15 नवंबर। बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों में एनडीए ने ऐतिहासिक और प्रचंड जीत दर्ज की है। साफ संकेत मिल गए हैं कि बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनेगी। जीत की खुशी पूरे देश में दिखाई दे रही है, वहीं कोंडागांव में भी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने इस ऐतिहासिक विजय का जोरदार जश्न मनाया।
शुक्रवार को कोंडागांव नगर के बस स्टैंड में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर और एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशी का इज़हार किया। जश्न के दौरान कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह और उमंग देखने को मिला।
इस अवसर पर भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी भी मौजूद रही। उन्होंने बिहार में एनडीए की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तथा एनडीए गठबंधन के सभी नेताओं को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह जीत विकास, सुशासन और जनता के भरोसे की जीत है। बिहार की जनता ने स्पष्ट कर दिया है कि देश को बार-बार प्रयोग नहीं, बल्कि स्थिर और संकल्पबद्ध नेतृत्व चाहिए।
इसके साथ ही सुश्री उसेंडी ने ओडिशा में हुए उपचुनाव में भाजपा विधायक प्रत्याशी की जीत पर भी बधाई देते हुए कहा कि ये परिणाम भाजपा के प्रति जनता के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है।
भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि बिहार की इस जीत ने स्थानीय कार्यकर्ताओं में भी जोश बढ़ाया है और आने वाले समय में संगठन और मजबूती से जनता के बीच काम करेगा।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, पूर्व भाजपा अध्यक्ष दीपेश अरोरा, शहर मंडल अध्यक्ष कुलवंत सिंह चहल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


