कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 7 नवंबर। सीआरपीएफ 188वीं बटालियन के मुख्यालय परिसर में राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार देशभक्ति, एकता और त्याग की भावना को पुन: जागृत करने के उद्देश्य से किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वन्दे मातरम् का सामूहिक गायन बटालियन के कमांडेंट भवेष चौधरी के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समूह गान से पूर्व अपने संबोधन में कमांडेंट चौधरी ने कहा कि, वन्दे मातरम् केवल एक राष्ट्रीय गीत नहीं, बल्कि राष्ट्र की आत्मा है। इसे बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय ने वर्ष 1875 में रचा था, जिसने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के दौरान हर भारतीय के मन में देशभक्ति की ज्वाला प्रज्वलित की। इस गीत ने स्वतंत्रता सेनानियों को प्रेरित किया और मातृभूमि के लिए सर्वस्व अर्पित करने की भावना को जन्म दिया।
उन्होंने कहा, यह गीत हमें मातृभूमि के प्रति प्रेम, त्याग और समर्पण की प्रेरणा देता है। हमें भी उसी भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करना चाहिए। कार्यक्रम में बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी नीतीन्द्रनाथ, उप कमांडेंट कमल सिंह मीणा, सहायक कमांडेंट ओमप्रकाश विष्नोई, चिकित्सा अधिकारी डॉ. राहुल चन्द्रन आरपी, निरीक्षक सत्यवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
इस अवसर पर परिसर में देशभक्ति के नारों से गूंज उठी और सभी ने वन्दे मातरम् की भावना को आत्मसात करने का संकल्प लिया।