कोण्डागांव

188वीं बटालियन सीआरपीएफ ने मनाया पुलिस स्मृति दिवस
23-Oct-2025 6:19 PM
188वीं बटालियन सीआरपीएफ ने मनाया पुलिस स्मृति दिवस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 23 अक्टूबर। 188वीं बटालियन केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर स्थित शहीद स्मारक में पुलिस स्मृति दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कमांडेंट भवेश चौधरी के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत शहीद स्मारक पर माल्यार्पण से हुई। कमांडेंट भवेश चौधरी ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिसके बाद गार्ड द्वारा सलामी दी गई और दो मिनट का मौन रखा गया।

इस अवसर पर कमांडेंट चौधरी ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस स्मृति दिवस देश की आंतरिक सुरक्षा में बलिदान देने वाले जवानों की याद में मनाया जाता है। उन्होंने 21 अक्टूबर 1959 की घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में सीआरपीएफ की एक छोटी टुकड़ी ने दुर्गम परिस्थितियों में चीनी सेना के हमले का साहसपूर्वक मुकाबला किया था, जिसमें बल के 10 जवान शहीद हुए थे। उसी घटना की स्मृति में यह दिवस प्रतिवर्ष देशभर में मनाया जाता है।

कमांडेंट चौधरी ने शहीद जवानों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनकी वीरता और समर्पण आने वाली पीढिय़ों को प्रेरित करता रहेगा।

उन्होंने सभी जवानों से कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और बल के प्रति समर्पण की भावना बनाए रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी नीतीन्द्रनाथ, उप कमांडेंट कमल सिंह मीणा, सहायक कमांडेंट ओमप्रकाश विश्नोई, प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और बटालियन के जवान उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट