कोण्डागांव

नगर साहू समाज के भूतपूर्व सैनिक उमेश साहू बने अध्यक्ष
12-Oct-2025 10:50 PM
नगर साहू समाज के भूतपूर्व सैनिक  उमेश साहू बने अध्यक्ष

कहा- राष्ट्र सेवा के बाद समाज सेवा ही मेरी पहली प्राथमिकता होगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 12 अक्टूबर। नगर साहू समाज कोंडागांव का बहुप्रतीक्षित चुनाव शनिवार को भक्त माता कर्मा मंदिर परिसर में संपन्न हुआ। इस चुनाव में भूतपूर्व सैनिक उमेश साहू ने निर्णायक जीत दर्ज करते हुए नगर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। उमेश साहू को कुल 65 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी ईश्वर दयाल साहू को मात्र 27 मत मिले। इस प्रकार उमेश साहू ने 38 वोटों के अंतर से शानदार जीत हासिल की।

निर्वाचन प्रक्रिया का शुभारंभ भक्त माता कर्मा की पूजा-अर्चना के साथ हुआ, जिसमें स्वजातीय बंधु-भगिनियों की उपस्थिति रही। चुनाव अधिकारी वीरेंद्र साहू तथा पर्यवेक्षक गौतम साहू, दयाराम साहू, लखेश्वर साहू एवं सोमारू राम साहू के निर्देशन में पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से पूरी की गई।

अध्यक्ष पद हेतु कुल पाँच उम्मीदवारों — डी.एस. साहू, धनु राम साहू, प्रदीप साहू, ईश्वर दयाल साहू और उमेश साहू — ने नामांकन दाखिल किया था। नाम वापसी की प्रक्रिया में डी.एस. साहू और धनु राम साहू ने ईश्वर दयाल साहू के समर्थन में अपने नाम वापस ले लिए, जबकि निवर्तमान अध्यक्ष प्रदीप साहू ने उमेश साहू के समर्थन में नाम वापसी की।

हालांकि, अंत में उमेश साहू और ईश्वर दयाल साहू के बीच सहमति नहीं बन पाई, जिसके चलते मतदान कराना पड़ा। कुल 128 पंजीकृत मतदाताओं में से 92 ने मतदान में भाग लिया।

चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद उमेश साहू ने कहा, मैंने राष्ट्र सेवा की है, अब समाज सेवा को ही अपनी पहली प्राथमिकता बनाऊंगा।उनकी इस जीत से कोंडागांव साहू समाज में खुशी की लहर दौड़ गई।

निर्वाचित पदाधिकारी: नगर अध्यक्ष- उमेश साहू, उपाध्यक्ष (पुरुष)- गजेंद्र साहू (निर्विरोध), उपाध्यक्ष (महिला)-पूर्णिमा साहू (निर्विरोध), संगठन सचिव (पुरुष)- शैल हिरवानी, संगठन सचिव (महिला)- कामिनी साहू उमेश साहू के नगर अध्यक्ष बनने पर जिला अध्यक्ष राजेश साहू, महामंत्री बसंत साहू, वीरेंद्र साहू, गौतम साहू, जिला मीडिया प्रभारी पवन कुमार साहू, प्रांत सह संयोजक अशोक साहू, पूर्व जिला अध्यक्ष सोमारू राम साहू, निवर्तमान अध्यक्ष प्रदीप साहू, पूर्व अध्यक्ष डी.एस. साहू, कमल साहू, धन्नु राम साहू, निर्मल साहू, मदन कुमार सोनेबरा सहित समाज के कई गणमान्य जनों ने बधाइयाँ दीं और उन्हें समाज सेवा के लिए प्रेरित किया।


अन्य पोस्ट