कोण्डागांव

कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकाल कर किया जोरदार स्वागत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 12 सितंबर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा का शुक्रवार की देर शाम जिला मुख्यालय कोण्डागांव आगमन हुआ। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद वे लगातार प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा कर कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं।
कोण्डागांव पहुंचने पर नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल और उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी के संयुक्त नेतृत्व में रायपुर नाका के समक्ष कार्यकर्ताओं ने उनका जोशीला स्वागत किया। इसके बाद भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकालकर प्रदेश अध्यक्ष के प्रति उत्साह और समर्थन जताया।
यह स्वागत रैली रायपुर नाका से प्रारंभ होकर जामकोटपारा चौक, जय स्तंभ चौक, मस्जिद चौक, बस स्टैंड होते हुए भाजपा जिला कार्यालय अटल सदन पहुंची। यहां राहुल योगराज टिकरिहा ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और विभिन्न संगठनात्मक एवं राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की।