कोण्डागांव
वादा खिलाफी को लेकर हड़ताल जारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 20 अगस्त। छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) कर्मचारी संघ द्वारा अपनी दस सूत्रीय मांगों को लेकर की जा रही अनिश्चितकालीन हड़ताल आज मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही। जिला मुख्यालय कोंडागांव के डीएनके मैदान में कर्मचारियों ने सरकार के वादा खिलाफी के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री सहित राज्य सरकार के मंत्रियों के मुखौटे पहनकर चुनावी वादों को दोहराया और सरकार की निष्क्रियता पर नाराजगी जाहिर की। कर्मचारियों का आरोप है कि चुनाव के दौरान नेताओं ने सत्ता में आने के 100 दिनों के भीतर सभी मांगें पूरी करने का वादा किया था, लेकिन सरकार गठन के इतने समय बाद भी एक भी मांग पूरी नहीं हुई है।
एनएचएम कर्मचारियों की मांगों में नियमितीकरण, वेतनमान में सुधार, सेवा सुरक्षा जैसे मुद्दे शामिल हैं। संघ के नेताओं का कहना है कि सरकार ने बार-बार आश्वासन तो दिया, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे प्रदेशभर के कर्मचारियों में भारी आक्रोश है।
मामले को लेकर आज मंगलवार दोपहर 3:00 बजे छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष करण कुमार ने मीडिया को जानकारी दी है।


