कोण्डागांव

मुठभेड़: पुलिस की जवाबी कार्रवाई से नक्सली भागे
16-Aug-2025 4:22 PM
मुठभेड़: पुलिस की जवाबी  कार्रवाई से नक्सली भागे

भारी मात्रा में हथियार बरामद

कोण्डागांव, 16 अगस्त। जिला के केशकाल थाना क्षेत्र के कोहकामेटा गांव में नक्सलियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ के बाद पुलिस के जवानों को सर्चिंग में दो भरमार बंदूक, नक्सली साहित्य, नक्सली वर्दी व अन्य सामग्री बरामद हुआ है। वही दोनों ओर की फायरिंग में एक ग्रामीण भी गोली लगने से घायल हुआ है। बताया जा रहा है कि, ग्रामीण युवक नक्सलियों की गोली का शिकार हुआहै।

जानकारी अनुसार, कल नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर पुलिस अधीक्षक येदुवेल्ली अक्षय कुमार कोण्डागांव के निर्देश पर बस्तर फाइटर्स और डीआरजी की संयुक्त टीम ने नक्सल विरोधी अभियान चलाया। पुलिस कोहकामेटा और नालझार के जंगल में घात लगाए 10-12 अज्ञात सशस्त्र माओवादी नक्सलियों ने पुलिस पार्टी पर अचानक हमला कर दिया। नक्सली अवैध अत्याधुनिक हथियारों से अंधाधुंध फायरिंग कर पुलिस के हथियार लूटने और जवानों को जान से मारने की नीयत से हमला कर रहे थे। पुलिस पार्टी ने भी आत्मरक्षार्थ जोरदार जवाबी फायरिंग की, जिससे नक्सली भारी दबाव में आकर घने जंगल और पेड़ों का सहारा लेकर भाग निकले।

घटनास्थल से सर्चिंग के बाद 2 भरमार बंदूक, वर्दी, नक्सली साहित्य, दवाइयां बरामद हुईं है। मुठभेड़ स्थल के पास एक ग्रामीण व्यक्ति घायल अवस्था में मिला, जिसे तत्काल पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल का सघन सर्च ऑपरेशन चलाया और आसपास के क्षेत्रों में नक्सलियों की संभावित गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी है।


अन्य पोस्ट