कोण्डागांव

तिरंगा यात्रा में शामिल हुईं विधायक लता उसेंडी
14-Aug-2025 8:55 AM
 तिरंगा यात्रा में शामिल हुईं विधायक लता उसेंडी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 13 अगस्त। हर घर तिरंगा अभियान के तहत कोण्डागांव जिले के दहिकोंगा में मंगलवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी मुख्य रूप से शामिल हुईं। मोटरसाइकिल रैली के रूप में आयोजित इस यात्रा में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर और देशभक्ति के नारे लगाते हुए पूरे जोश से यात्रा निकाली।

इस अवसर पर विधायक लता उसेंडी ने ग्रामीणों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने में सक्रिय भागीदारी की अपील की और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा, देश की आज़ादी हमारे महापुरुषों के त्याग और बलिदान से मिली है। यह आवश्यक है कि हम नई पीढ़ी को आज़ादी के महत्व से परिचित कराएं, ताकि वे गर्व और सजगता के साथ देश की अखंडता बनाए रखें।

उन्होंने विद्यालयों में बच्चों को देशभक्ति के पाठ पढ़ाने, राष्ट्रीय महत्व के विषयों एवं प्रमुख तिथियों की जानकारी देने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वर्ष 2047 तक विकसित भारत की संकल्पना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे साकार करने में सभी की सक्रिय सहभागिता जरूरी है। साथ ही, उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार सबका साथ, सबका विकास की भावना के साथ राज्य के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष हितेंद्र झा, प्रेम सिंह नाग, जनपद उपाध्यक्ष टोमेंद्र सिंह ठाकुर, बाल सिंह बघेल, दयाशंकर दिवान, झुमुख नाग, संतोष पात्र, लखमु राम, गणेश मानिकपुरी, राजू भंडारी, सुनीता नाग, रामदाई नाग, नंदलाल दिवान, सोहन कश्यप, प्रेम नेताम, किशोर पटेल, संतो बाई नाग, भुर्शु दिवान, मंनतू पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट