कोण्डागांव

केंद्रीय विद्यालय कोण्डागांव को मिला नवीन भवन
30-Jul-2025 10:27 PM
केंद्रीय विद्यालय कोण्डागांव को मिला नवीन भवन

लोकार्पण में शामिल हुए केशकाल विधायक- कलेक्टर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 30 जुलाई। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नई शिक्षा नीति की पांचवीं वर्षगांठ पर नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से देशभर के 22 केंद्रीय विद्यालयों के नवीन भवनों का लोकार्पण किया। इसमें कोण्डागांव जिले का केंद्रीय विद्यालय भी शामिल रहा।   

स्थानीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने कोण्डागांव के बड़े कनेरा रोड स्थित बंधापारा में नवनिर्मित केंद्रीय विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय जूडो खेल में गोल्ड मेडल जीतने वाली लेखा नेताम को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि जिले में केंद्रीय विद्यालय की शुरुआत की प्रक्रिया उनके कलेक्टर कार्यकाल के दौरान हुई थी और अब विधायक के रूप में उसके नवीन भवन का लोकार्पण करना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह भवन जिले के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि, यह विद्यालय अब पीएम श्री योजना में भी शामिल किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने भी विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह भवन विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा को एक नई दिशा देगा। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने रुचि के क्षेत्रों में पूरी मेहनत के साथ आगे बढऩे की प्रेरणा दी।


अन्य पोस्ट