कोण्डागांव

केशकाल-विश्रामपुरी चौक से एक्सप्रेस-वे तक 33 किमी नवीन सडक़ निर्माण की मिली मंजूरी
30-Jul-2025 10:25 PM
केशकाल-विश्रामपुरी चौक से एक्सप्रेस-वे तक 33 किमी नवीन सडक़ निर्माण की मिली मंजूरी

विधायक टेकाम ने सीएम, वित्त मंत्री व पीडब्ल्यूडी मंत्री का जताया आभार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 30 जुलाई। केशकाल विधानसभा क्षेत्रवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग आखिरकार पूरी हो गई है। जी हां, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम के द्वारा जनता की समस्याओं को गम्भीरतापूर्वक लेते हुए मुख्यमंत्री, पीडब्ल्यूडी मंत्री एवं वित्त मंत्री को लगातार पत्राचार करने के परिणामस्वरूप केशकाल- विश्रामपुरी चौक से भारतमाला एक्सप्रेस वे एंट्री पॉइंट तक 33 किलोमीटर नवीन सडक़ के निर्माण हेतु वित्तीय स्वीकृति भी मिल गई है। विधायक नीलकंठ टेकाम ने इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, पीडब्ल्यूडी मंत्री अरुण साव एवं वित्त मंत्री ओ.पी चौधरी को क्षेत्रवासियों की ओर से धन्यवाद दिया है।

ज्ञात हो कि केशकाल घाटी के  नवीनीकरण के दौरान डाइवर्टेड रुट के रूप में उपयोग किए गए केशकाल- विश्रामपुरी चौक से विश्रामपुरी, पेंड्रावन होते हुए सलना जाने वाले मार्ग में बड़े बड़े मालवाहक वाहन चलने के कारण सडक़ की स्थिति अत्यंत जर्जर हो गई थी। ऐसे में स्थानीय ग्रामीणों व राहगीरों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्रवासियों ने इसके लिए केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम से आग्रह किया था कि जल्द से जल्द सडक़ को बनवाया जाए। परिणामस्वरूप विधायक ने संवेदनशीलता दिखाते हुए जनता की मांगों को प्रमुखता से उठाया और अब इस मार्ग में 33 किलोमीटर सडक़ निर्माण हेतु  लगभग 44 करोड़ रुपए से अधिक की वित्तीय स्वीकृति मिल गई है।

इस संबंध में विधायक नीलकंठ टेकाम ने बताया कि इस 33 किलोमीटर की सडक़ के बनने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी। इसके साथ ही केंद्र सरकार का पायलट प्रोजेक्ट भारतमाला से केशकाल क्षेत्रवासियों को जुडऩे में सुलभता होगी। मैं इस निर्माण कार्य को स्वीकृति देने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, पीडब्ल्यूडी मंत्री अरुण साव एवं वित्त मंत्री ओ.पी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करता हूँ। इसके साथ ही केशकाल शहर के सडक़ के नवीनीकरण के लिए भी माननीय मंत्री महोदय को पत्राचार किया गया है। जल्द ही शहर की सडक़ को भी पूर्णत: दुरुस्त करवाया जाएगा।


अन्य पोस्ट