कोण्डागांव

कोंडागांव विधायक ने बरकई में किया साढ़े 24 लाख के चार निर्माण कार्यों का भूमिपूजन
21-May-2025 10:55 PM
कोंडागांव विधायक ने बरकई में किया साढ़े 24 लाख के चार निर्माण कार्यों का भूमिपूजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 21 मई। कोंडागांव जिले की ग्राम पंचायत बरकई में मंगलवार शाम एक विशेष भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र की विधायक एवं बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लता उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के दौरान विधायक लता उसेंडी ने कुल साढ़े 24 लाख रुपए की लागत से बनने वाले चार महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें 14.5 लाख रुपए की लागत से बनने वाली 500 मीटर लंबी सीसी सडक़, 2 लाख रुपए की लागत से चबूतरा निर्माण, मातामंदिर के लिए 3 लाख रुपए की लागत का शेड निर्माण तथा 5 लाख रुपए की लागत से बनने वाली डेढ़ मीटर पुलिया शामिल है।

कार्यक्रम में पहुंची मेहतरीन सोरी को कान में सुनने में परेशानी थी, जिसकी जानकारी लगते ही विधायक लता उसेंडी द्वारा पीडि़ता को तत्काल एक श्रवण यंत्र प्रदान किया गया।

 लता उसेंडी ने भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के ग्रामीण अंचलों में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से ग्रामीणों को आवागमन सहित अन्य सुविधाओं में सुधार मिलेगा।

इस अवसर पर गांव के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विधायक का आत्मीय स्वागत कर आभार व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट