कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 19 मई। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद समूचे देश भर में तिरंगा यात्रा निकाल कर वीर जवानों के शौर्य एवं अदम्य साहस को नमन किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को केशकाल में विधायक नीलकंठ टेकाम के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं एवं नगरवासियों ने मिलकर तिरंगा यात्रा की तर्ज पर बाइक रैली निकाली।
भारत माता के जयकारों के साथ निकली यह बाइक रैली बेड़मा से शुरू होकर गारका, सिंगनपुर, बटराली, केशकाल, पंचवटी होते हुए वापस केशकाल बस स्टैंड में आकर समाप्त हुई।
इस मौके पर केशकाल बस स्टैंड में एक देश एक चुनाव को लेकर विधानसभास्तरीय परिचर्चा का आयोजन भी किया गया था। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि कांकेर लोकसभा के सांसद भोजराज नाग, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, नगर पंचायत अध्यक्ष बिहारीलाल शोरी समेत सभी दलों के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, शासकीय अधिकारी-कर्मचारी एवं आम नागरिक शामिल हुए।
जहां सर्वप्रथम बारी-बारी से जनता को संबोधित करते हुए सभी जनप्रतिनिधियों, नेताओ व अधिकारियों ने ऑपरेशन सिंदूर में अपने अदम्य साहस और शौर्य का जज्बा दिखाने वाले सेना के जवानों को नमन किया गया। ततपश्चात सभी अतिथियों ने एक देश एक चुनाव को लेकर जनता के समक्ष अपनी अपनी राय रखी।


