कोण्डागांव

पुलिया क्षतिग्रस्त, हादसे की आशंका मरम्मत की मांग, आंदोलन की चेतावनी
16-May-2025 11:04 PM
पुलिया क्षतिग्रस्त, हादसे की आशंका मरम्मत की मांग, आंदोलन की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 16 मई। जिला के बड़ेराजपुर ब्लॉक अंतर्गत बड़बत्तर पंचायत के जामपारा क्षेत्र में स्थित पुलिया की क्षतिग्रस्त हालत अब जानलेवा होती जा रही है। लंबे समय से मरम्मत के अभाव में पुलिया की हालत बदतर हो चुकी है, जिससे अब इस पर से गुजरना लोगों के लिए खतरे से खाली नहीं रहा।

यह पुलिया न केवल बड़बत्तर के स्थानीय निवासियों बल्कि कुल्दाडिही, पीढ़ापाल, तितरखंड, गम्हरी, पिटीसपाल, हरवेल, धामनपुरी और किबड़ा जैसे आसपास के दर्जनों गांवों को जोड़ती है। ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और किसानों का रोज का आवागमन इसी मार्ग से होता है। शनिवार को साप्ताहिक बाजार के दिन तो स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब दोपहिया से लेकर चारपहिया वाहनों की आवाजाही इस संकरी और क्षतिग्रस्त पुलिया से होती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिया की हालत पिछले एक वर्ष से भी अधिक समय से खराब है, लेकिन संबंधित विभाग या जनप्रतिनिधियों ने अब तक इस ओर कोई गंभीर पहल नहीं की है। बारिश का मौसम सिर पर है और यदि समय रहते मरम्मत नहीं की गई तो यह पुलिया दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन सकती है।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र अति शीघ्र इस पुलिया की मरम्मत कराई जाए, ताकि जनसुविधा और सुरक्षा दोनों सुनिश्चित हो सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होंगे।


अन्य पोस्ट